भेड़ों की मौत के बाद भाजपा विधायक घटना स्थल पर पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी जिले में नरवर तहसील के ठाठी गांव में एक जंगली जानवर द्वारा भेड़ों के बाड़े में शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। इस जंगली जानवर के हमले में 30 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि आठ भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने बताया है कि भेड़ों के बाड़े में जंगली जानवर ने हमला किया। इस हमले में ग्रामीण ज्ञान सिंह बघेल की भेड़ों की मौत हुई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि भेड़ों के बाड़े में तेंदुए ने हमला किया है। बताया जाता है कि नरवर और इसके आसपास के जंगली इलाके में कई बार तेंदुआ देखा भी गया है। इस मामले में वन विभाग के डिप्टी रेंजर सतीश मौर्य ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद घटना स्थल से मिले पद चिन्हों और अन्य सबूतों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। मृत भेड़ों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इसके बाद पीड़ित को मुआवजा देने की कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: पिछले साल एमपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में किसने किया था टॉप, यहां देखें टॉपर सूची
ग्रामीण शादी में गया था तभी किया हमला
शिवपुरी के नरवर तहसील के ठाठी गांव में के ग्रामीण ज्ञान सिंह बघेल ने बताया कि रात एक अज्ञात जंगली जानवर ने भेड़ों के बाड़े में घुसकर हमला किया। इसमें 30 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि आठ भेड़ें गंभीर घायल हो गईं। ज्ञान सिंह बघेल ने बताया कि घटना के समय वे सतनवाड़ा में एक शादी समारोह में गए थे। घर पर केवल बच्चे मौजूद थे, जब रात में बाड़े में बंद भेड़ों पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इसमें 30 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि आठ भेड़ें घायल हो गईं। वन विभाग और पशु चिकित्सा दल मौके पर पहुंचा, डॉक्टर ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। वहीं, वन अमले ने घटना स्थल से मिले पदचिन्हों और अन्य सबूतों को जांच के लिए लैब भेजा है।
यह भी पढ़ें: 'धरतीपुत्रों' ने खेतों में छोड़े मवेशी...और चरवाई मूंग की फसल, उनकी जुबानी जान लीजिए
भाजपा विधायक रमेश प्रसाद मौके पर पहुंचे
करैरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ठाठी में 30 भेड़ों की मौत के बाद करैरा से भाजपा विधायक रमेश खटीक घटना स्थल पर पहुंचे और यहां पर पीड़ित ग्रामीण से बात की। विधायक ने पीड़ित पशुपालक ज्ञान सिंह बघेल को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि इस संकट की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं, सरकार से हर संभव मदद दिलाई जाएगी। विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने क्षति का आकलन करने और पशुपालक ज्ञान सिंह बघेल को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए उनके साथ मौके पर वन विभाग के रेंजर, नरवर तहसीलदार, मंगरौनी पुलिस बल तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।