शिवपुरी जिले में इस समय किसानों को खरीफ फसल के लिए खाद का वितरण किया जा रहा है। खाद की कालाबाजारी न हो और पूरी पारदर्शिता से किसानों को खाद का वितरण किया जाए। इसके लिए कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। राजस्व और कृषि विभाग की टीम की निगरानी में किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है।
कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी के निर्देशन में कृषकों को खरीफ फसलों की बोनी के लिए उर्वरकों के उचित भंडारण और वितरण की व्यवस्था की गई है, लेकिन ग्राम ठर्रा नवीन तहसील के पास निर्मित गोदाम में उर्वरक डी.ए.पी. के भंडारण की सूचना प्राप्त होने पर उप संचालक कृषि यूएस तोमर द्वारा गठित दल ने कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान गोदाम में डीएपी खाद की बोरी खिड़कियों से दिखाई देने पर गोदाम मालिक अरुण कुमार वर्मा उर्फ बबलू को फोन लगाकर गोदाम खोलने के लिए कहा गया था। लेकिन गोदाम मालिक चाबी लाने की कहकर चला गया एवं वापिस नहीं आया और मोबाइल भी बंद कर लिया।