शिवपुरी ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हो चुकी है।
- फोटो : सोशल मीडिया
शिवपुरी के फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाले पंचायत सचिव राघवेंद्र लोधी के मकान में अचानक हुए ब्लास्ट के बाद इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दें कि बीते 21 जून को पंचायत सचिव राघवेंद्र लोधी के घर में अचानक ब्लास्ट हो गया था। बताया जाता है कि इनके घर के बाहर से गैस सप्लाई करने वाली कंपनी थिंक कंपनी की लाइन गुजर रही है। लोगों का कहना है कि इस गैस लाइन में ही अचानक विस्फोट हुआ और इससे राघवेंद्र के घर में विस्फोट हुआ और पूरा घर आग की चपेट में आ गया। गुरुवार रात को पंचायत सचिव की पत्नी रानी लोधी ने दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले पंचायत सचिव राघवेंद्र लोधी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पंचायत सचिव के घर में हुए अचानक इस विस्फोट में पांच लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की भी जांच भी शुरू की थी लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि इस विस्फोट का वास्तविक कारण क्या है। हालांकि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने थिंक गैस के एरिया प्रबंधक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पंचायत सचिव की बेटी की हालत भी नाजुक
21 जून को फतेहपुर क्षेत्र में ब्लास्ट हुआ था। इस घटना में घायल हुए राघवेंद्र लोधी ने 28 जून को उपचार के दौरान दिल्ली के सफरदरगंज अस्पताल में दम तोड़ दिया था और अब उनकी पत्नी रानी लोधी ने भी बीति रात सफरदरगंज अस्पताल में दम तोड़ दिया है। वहीं बेटी काव्यांजलि लोधी का उपचार इसी अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि रानी लोधी के शरीर का दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया गया है इसके बाद उनके पार्थिव देह को बदरवास जनपद के गृह ग्राम कुटवारा लाया जा रहा है। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हादसे में दो रोज पूर्व जान गंवा चुके थे वह पिरोठ पंचायत के सचिव थे।
एरिया प्रबंधक पर दर्ज हुआ मामला
शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र में हुई इस ब्लास्ट की घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने थिंक गैस के एरिया प्रबंधक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना 21 जून की शाम को घटित हुई थी, लेकिन अभी तक इस घटना की वजह सामने नहीं आ सकी है। जबकि अब तक गेल इंडिया की एक जांच टीम सहित ग्वालियर से आई एफएसएल की टीम मौके का मुआयना कर चुकी है। इसके बावजूद हादसे का कारण अब तक नहीं बताया गया।