स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में स्वाइन फ्लू के कुछ केस मिलने के बाद पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य महकमा हाई अलर्ट पर है। शिवपुरी जिले में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसकी रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए हैं। शिवपुरी में स्वास्थ्स विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू को लेकर जांच सहित अन्य सावधानियां बरतना शुरू कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय ऋषीश्वर ने बताया कि जबलपुर सहित प्रदेश में स्वाइन फ्लू के केस मिलने के बाद संचालक स्वास्थ्य सेवा भोपाल द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
दो दिन से भारी बारिश के बाद बदला मौसम
शिवपुरी जिले में बार-बार मौसम बदल रहा है। जिले में दो दिन पहले काफी बारिश हुई है और अब एकाएक धूप निकली है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट हो गया है। सीएमएचओ ने बताया कि शिवपुरी जिले में स्वाइन फ्लू के प्रकरणों की समीक्षा की गई है। जिले में मौसम बदलाव सहित अन्य जिलों से आने वाले स्वाइन फ्लू से संक्रमित यात्रियों से संक्रमण का खतरा है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है।
एडवाइजरी और अलर्ट जारी
स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में स्वास्थ्य संस्थानों को एडवाइजरी एवं एलर्ट जारी की गई है। सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वाइन फ्लू की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि स्वाइन फ्लू से घबराएं नहीं, इससे बचाव के तरीके और सावधानी बरतें। स्वाइन फ्लू से बचने के लिए दिए गए सुझाव रोकथाम के निर्देशों का पालन करें और बार-बार हाथ धोते रहें।