केंद्रीय मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी जिले में रबी सीजन की बोवनी के दौरान किसानों को खाद की कमी से जूझना पड़ रहा है। इस खाद की कमी के बीच पिछले दिनों कुछ पुलिसकर्मियों ने एक किसान की पिटाई भी कर दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिले में खाद की कमी के बीच अब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बयान दिया है।
कोलारस में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी जिले में खाद की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में यह मामला आया तो मैंने अपने प्रयासों से केंद्रीय मंत्रालय से बात कर 1300 मैट्रिक टन खाद की व्यवस्था की है। इस खाद की रैक बीती रात को शिवपुरी में लग चुकी है, किसानों को अब खाद की कमी नहीं आने दी जाएगी।
दूसरी ओर खाद की कमी से जूझ रहे हैं किसान
वहीं दूसरी ओर शिवपुरी जिले में खाद की कमी से किसान जूझ रहे हैं। पिछले दिनों शिवपुरी के लुधावली में खाद वितरण केंद्र पर तीन पुलिसकर्मियों ने एक किसान की मारपीट कर दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें खाद नहीं मिल पा रहा है और उन्हें रबी सीजन में अपने खेतों में बोवनी का काम करना है और इसी बीच डीएपी सहित अन्य खाद की कमी है।
ज्यादा वोटों से जिताने वालों को 10-10 लाख की सांसद निधि दी
कोलारस में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह के दौरान सिंधिया ने अपने लोकसभा चुनाव के दौरान ज्यादा वोटों से बूथ जीतने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने पांच बूथों पर जहां वह सबसे ज्यादा वोटों से जीतने पर वहां 10 लाख रुपये अपनी सांसद निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ता विकास कार्य की सूची दें, जिससे वह 10 लाख रुपये के बजट से काम कर सकें।
बच्चों की मौत पर दी आर्थिक सहायता
सिंधिया ने अपने दौरे के दौरान जिले के जिले की कोलारस ग्राम निवोदा में पहुंचकर यहां बीते दिनों एक हादसे में तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत पर गहन शोक व्यक्त किया। निवोदा गांव में पहुंचकर बच्चों की परिजनों से मुलाकात की और यहां पर मृतक बच्चों के परिवारजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।