बारिश से शिवपुरी की सड़कों में भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी में दो दिन से हो रही लगातार बारिश के चलते शहर के नदी-नाले उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते शहर में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। कई कॉलोनियों में पानी भर गया है, जिसके चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है। वहीं, पुलिस ने लोगों से बिना काम के घर से न निकलने की अपील की है। बारिश के कारण कई जगह खेतों में पानी भरने से पकी हुई फसल खराब होने की नौबत भी आ गई है। वहीं, दूसरी ओर मड़ीखेड़ा डैम के कैचमेंट एरिया में बारिश के चलते पानी बढ़ने लगा है। जिसके चलते कल शाम को डैम के दो गेट खोलकर पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है।
लगातार बारिश के दर्जनों भर कॉलोनियां पानी से लबालब हो गई हैं। कई निचली बस्तियों और कालोनियों में घरों में पानी घुस गया है। पुलिस ने इन हालातों से निपटने के लिए सड़कों पर माइक के माध्यम से अलर्ट जारी कर दिया कि अगर किसी भी व्यक्ति को बाजार में आवश्यक काम नहीं है तो वह बाजार न आए। बारिश में अपने घरों में ही सुरक्षित रहें। इसके अलावा माधव चौक चौराहे, पुरानी शिवपुरी, फिजीकल, मीट मार्केट, तात्याटोपे समाधि पर बैरीकेट लगाकर ओवर फ्लो वाले स्थानों पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। ताकि दुर्घटना की आशंका से बचा जा सके।
शिवपुरी-झांसी फोरलेन हाईवे पर आया पानी
सिंध नदी पर बने मड़ीखेड़ा डैम के कैचमेंट एरिया में पानी भरने के बाद डैम के आज 6 गेट खोल दिए गए। वहीं दूसरी ओर सिंध नदी पर अमोला के पास बने पुल पर पानी ओवरफ्लो हो गया और यहां पर झांसी- शिवपुरी फोरलेन हाईवे पर पानी सड़क पर आ गया। फोरलेन हाईवे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया।
धसान नदी में बढ़ा पानी, प्रशासन ने किया अलर्ट
धसान नदी में जलस्तर बढ़ने से टीकमगढ़ जिले में स्थित बांध सुजारा के 4 गेट गुरुवार सुबह 8 बजे खोल कर 20,000 क्यूसेक पानी डिचार्ज किया गया। जिससे धसान नदी का जल बढ़ते लगा। ऐसे में एमपी-यूपी सीमा पर धसान नदी पर स्थित लहचूरा बांध के 7 गेट तीन फीट ऊंचाई के खोल कर 32800 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे नदी के आसपास के गांव में अलर्ट भी जारी किया गया है।