शिवपुरी में एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां फिजिकल थाना क्षेत्र में महज 10 दिनों के भीतर एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई और उनका 19 वर्षीय रिश्तेदार शामिल है। सभी की मौत से पहले बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और तबीयत तेजी से बिगड़ने जैसे लक्षण सामने आए हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है और परिवार के सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
जानकारी के मुताबिक फिजिकल थाने के सामने रहने वाले तनवीर अहमद के परिवार में सबसे पहले 14 वर्षीय बेटे ताहिर की तबीयत खराब हुई थी। उसे तेज बुखार के साथ पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान उसकी प्लेटलेट्स तेजी से कम होती चली गईं और हालत गंभीर हो गई। बीमारी शुरू होने के करीब दो दिन बाद ताहिर की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
दरिंदा बाप: मना करने पर भी कर रहा था शोर, गुस्से में पिता ने तीन साल के मासूम की हथौड़ी मार-मारकर ले ली जान
ताहिर की मौत के बाद परिवार सदमे में था कि तनवीर की बहन के 19 वर्षीय बेटे अयाज की भी तबीयत बिगड़ गई। अयाज को इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। जहां 23 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अयाज की जांच में संक्रमण की बात सामने आई थी। इसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा, जब तनवीर के दो और बेटों की तबीयत खराब हो गई। 9 वर्षीय तारूफ और 11 वर्षीय तासिफ को भी बुखार आने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिवार ने दोनों बच्चों का इलाज कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 31 अगस्त की सुबह तारूफ की मौत हो गई, जबकि उसी दिन शाम को उसके बड़े भाई तासिफ ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, 16 अगस्त को परिवार के कई सदस्य गोरा टीला के पास स्थित एक झरने पर नहाने गए थे। इसके बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने झरने में नहाने और बच्चों की मौत के बीच किसी भी संबंध की पुष्टि नहीं की है। चार बच्चों की मौत की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम परिवार के घर पहुंची और परिजनों समेत अन्य लोगों के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल चारों बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है, इसलिए मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
CMHO डॉ. संजय ऋषिश्वर के मुताबिक शुरुआती जांच में संक्रमण की आशंका सामने आई है। बच्चों की प्लेटलेट्स तेजी से कम होने की जानकारी मिली है और एक बच्चे के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह की पुष्टि हो सकेगी।फिलहाल एक ही परिवार के चार बच्चों की लगातार मौत ने शिवपुरी में चिंता बढ़ा दी है। सवाल यही है कि आखिर यह कोई रहस्यमयी संक्रमण है या फिर मौतों के पीछे कोई दूसरी वजह? जवाब अब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।