ग्वालियर लोकायुक्त टीम की कार्यवाही
शिवपुरी जिले के पिछोर में लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सरपंच और उसके पति को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई खनियाधाना जनपद पंचायत की जुंगीपुर ग्राम पंचायत में की गई। आरोप है कि दोनों ने कपिलधारा कूप निर्माण योजना का बिल पास कराने के एवज में हितग्राही से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, जुंगीपुर ग्राम पंचायत निवासी राहुल यादव के नाम से कपिलधारा कूप निर्माण योजना स्वीकृत हुई थी। योजना का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब उन्होंने भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत किया तो आरोप है कि सरपंच पति ने बिल पास कराने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया और पूरे मामले की शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज करा दी।
ये भी पढ़ें-
आज भी नहीं लग सकी 16 साल पुराने सिंधिया राजपरिवार के संपत्ति विवाद पर अंतिम मुहर, सुनवाई 20 को
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये लेकर पिछोर की संकट मोचन कॉलोनी स्थित सरपंच के निवास पर भेजा गया। जैसे ही सरपंच और उसके पति ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। आरोपियों से पूछताछ भी की जा रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय स्तर पर इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।