फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shivpuri News: पटवारी ने एसडीएम कार्यालय में खाया जहर, वेतन न मिलने और जांच के दबाव से था आहत

Wed, 29 Jul 2026 10:31 PM IST
शिवपुरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी

सार

शिवपुरी के कोलारस एसडीएम कार्यालय में रन्नौद के पटवारी प्रदीप गुप्ता ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्होंने आठ-नौ महीने से वेतन न मिलने और मानसिक तनाव का आरोप लगाया। वहीं, एसडीएम ने आरोपों से इनकार करते हुए विभागीय जांच और अनुपस्थिति को वेतन लंबित रहने का कारण बताया। 
विज्ञापन
पटवारी ने एसडीएम कार्यालय में खाया जहर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिवपुरी जिले के कोलारस में मंगलवार को एसडीएम कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब रन्नौद तहसील में पदस्थ एक पटवारी ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल उसे कोलारस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

विज्ञापन


पटवारी बोला- महीनों से नहीं मिला वेतन
अस्पताल में भर्ती पटवारी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उनके अनुसार, रन्नौद में एक नामांतरण प्रकरण में उनसे तकनीकी त्रुटि हो गई थी। गलती स्वीकार करते हुए उन्होंने पहले भी एसडीएम कार्यालय पहुंचकर माफी मांगी थी और परिवार सहित क्षमा याचना की थी। प्रदीप का आरोप है कि इसके बाद से उनका वेतन रोक दिया गया। पिछले आठ-नौ महीने से उन्हें सैलरी नहीं मिली, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अन्य पटवारियों का वेतन जारी हो गया, लेकिन उनका वेतन नहीं आया। इसी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

ये भी पढ़ें- चोर पकड़ने पहुंची यूपी-एमपी पुलिस पर टूट पड़े गांववाले, दो आरक्षक जख्मी
विज्ञापन


SDM ने आरोपों से किया इनकार
कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने पटवारी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित कर्मचारी पर जमीनों के नामांतरण में नियमों की अनदेखी के आरोप हैं और इस मामले में विभागीय जांच चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटवारियों का वेतन एसडीएम कार्यालय से जारी नहीं होता, बल्कि तहसील कार्यालय के माध्यम से भुगतान होता है। उनके अनुसार, संबंधित पटवारी पिछले कई महीनों से तहसील में उपस्थित नहीं हुए हैं। ऐसे में अनुपस्थिति के कारण उनका वेतन लंबित हो सकता है। एसडीएम ने यह भी कहा कि विभागीय जांच और संभावित कार्रवाई के दबाव में आकर पटवारी ने यह कदम उठाया होगा।
विज्ञापन


SDM कार्यालय में ही पी लिया जहर
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह प्रदीप गुप्ता अपने कुछ परिजनों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने बैग से एक शीशी निकाली और उसमें मौजूद जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें संभाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पटवारी के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही वेतन से संबंधित रिकॉर्ड भी तहसील कार्यालय से तलब किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, जबकि अस्पताल में भर्ती पटवारी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें