Shivpuri: नन्नाजी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी जिले के पिछोर में मध्य प्रदेश की प्रथम विधानसभा के सदस्य रहे लक्ष्मी नारायण गुप्ता का गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया था।
पिछोर में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने भी उन्हें अंतिम यात्रा में पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे लक्ष्मी नारायण गुप्ता प्रदेश सरकार में दो बार कैबिनेट मंत्री भी रहे। उन्होंने सुंदरलाल पटवा सरकार में राजस्व मंत्री की भूमिका का निर्वहन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब पिछले साल नवंबर में जनजातीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए जब भोपाल आए थे तब उन्होंने नन्नाजी से विशेष मुलाकात भी की थी।
अंतिम संस्कार में शिवपुरी के सांसद केपी यादव, मध्य प्रदेश के पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पिछोर विधायक केपी सिंह, पूर्व विधायक और मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष प्रहलाद भारती, कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी सहित अन्य भारतीय जनता पार्टी के नेतागण मौजूद थे।