शिवपुरी जिला अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट, जहां की पाइपलाइन चोरी हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में जिला अस्पताल में प्लांट से वार्ड तक ऑक्सीजन पहुंचाने वाली पाइपलाइन ही चोरी हो गई है। हैरानी की बात यह है कि जब प्लांट से वार्ड तक ऑक्सीजन नहीं पहुंची तो इस बात का खुलासा हुआ। सीसीटीवी कैमरे में चोर की तस्वीर भी कैद हुई है। वह दूसरी बार भी पाइप चुराने अस्पताल पहुंच गया था।
दरअसल, शिवपुरी जिला अस्पताल में चोर ने प्लांट से ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली पाइपलाइन ही चुरा ली है। चोरी का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल के स्टाफ ने टेस्टिंग के लिए ऑक्सीजन प्लांट शुरू किया और वार्ड तक पहुंचने की बजाय ऑक्सीजन हवा में फैलने लगी। स्टाफ ने छत से देखा तो पूरी पाइपलाइन ही गायब थी। सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि सोमवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच एक चोर खेल मैदान की तरफ से अस्पताल की छत पर चढ़ा और पाइपलाइन को तोड़कर अस्पताल के बायो-वेस्ट मटेरियल एकत्रित करने वाली थैली में रखा और चला गया। इतने से पेट नहीं भरा तो चोर दोबारा भी अस्पताल आया था।
जानलेवा हरकत है
ऑक्सीजन पाइप चोरी को सामान्य चोरी नहीं माना जा सकता। यह जानलेवा भी हो सकता है। जरूरतमंद मरीज तक ऑक्सीजन सप्लाई रुक सकती थी। कई मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है। अस्पताल प्रबंधन इसे सामान्य चोरी मान रहा है और पुलिस में इसकी शिकायत की है।
छोटा-सा टुकड़ा हुआ चोरी
शिवपुरी जिला अस्पताल के प्रभारी आरएमओ डॉ. अनूप गर्ग ने कहा कि ऑक्सीजन लाइन का छोटा-सा टुकड़ा चोरी हुआ है। मामला मेरे संज्ञान में लाया गया है। हमने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज करा दी है। लगातार चोरियां क्यों हो रही हैं, यह जांच का विषय है। हम इसकी जांच करवाएंगे।