जिला अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला
शिवपुरी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो गई, मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने इलाज करने वाले डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा करने लगे। परिजनों के हंगामे के बाद स्थिति इस तरह से बिगड़ी की अस्पताल प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार ग्राम कनाखेड़ी निवासी वृंदावन धाकड़ (उम्र 32 साल) को सीने में दर्द होने के चलते रविवार सुबह 11:00 बजे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा करने लगे। अस्पताल प्रबंधन ने मामला बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली टीआई सुनील खेमरिया दलबल के साथ अस्पताल पहुँचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को समझाइश दी और मामला शांत कराया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को डॉक्टरों के खिलाफ शिकायती आवेदन भी दिया है।
निजी अस्पताल में भर्ती था मृतक
जानकारी में ये भी सामने आया है कि परिजन पहले युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर गए थे, जहां इलाज के दौरान उसकी स्थिति खराब होने पर उसे जिला अस्पताल रैपर किया गया था। वहीं, मृतक के परिजन जिला अस्पताल के डॉक्टर्स पर सही समय पर इलाज न करने का आरोप लगा रहे हैं।
दो बच्चों का पिता है
मृतक वृन्दावन धाकड़ के दो मासूम बच्चे हैं, मृतक के साले मुकेश धाकड़ ने बताया है कि वृन्दावन की मौत के बाद अब उसके परिवार में कोई नहीं है, जो परिवार का भरण पोषण कर सके।