दमोह में शिवलिंग गायब होने का मामला सामने आया था।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के एक मंदिर से शिवलिंग गायब होने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिवलिंग तलाश लिया और मंदिर में विधिवत स्थापित करा दिया। अन्यथा माहौल बिगड़ सकता था। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक का है। यहां स्थित अंबिका माता मंदिर के समीप स्थापित शिवलिंग को किसी असामाजिक तत्व द्वारा उठा लिया गया। स्थानीय लोगों ने शिवलिंग गायब देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह को मिली। उन्होंने पटेरा थाना प्रभारी एसबी मिश्र को निर्देशित किया कि किसी भी तरह आरोपी को गिरफ्तार कर शिवलिंग स्थापित करवाया जाए। माहौल बिगड़ने से पहले ही पटेरा पुलिस ने आरोपी की पता लगा लिया और उससे शिवलिंग वापस लेकर उसी जगह स्थापित करवाया।
बता दें नगर परिषद पटेरा में अंबिका माता मंदिर के पास शिव लिंग स्थापित है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग गायब था। आसपास के लोगों को सूचना दी गई तो सभी एकत्रित हो गए और आक्रोश जताने लगे। उनका कहना था कि बुधवार से नवरात्र पर्व शुरू हो रहा है और पूरे नगर के लोग माता को जल अर्पित करेंगे, साथ ही भगवान शिव को भी जल चढ़ाएंगे, लेकिन शिवलिंग गायब है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर असामाजिक तत्व को तलाश कर शिवलिंग पुनः स्थापित कराया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।