भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया कला गांव में 42 वर्षीय अनीता मैथिल की मौत हो गई। करवाचौथ का व्रत रखने की बात कहकर सोई महिला सुबह घर में फंदे पर लटकी मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करवाचौथ के व्रत की तैयारी और परिवार के साथ बिताई रात के बाद सुबह घर में ऐसा मंजर सामने आया, जिसने सभी को झकझोर दिया। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखने की बात कहकर सोई 42 वर्षीय महिला गुरुवार सुबह घर में फंदे पर लटकी मिली। बेटी ने मां को इस हालत में देखा तो उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना बिलखिरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया कला गांव की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। घटना की सूचना मिलने पर बिलखिरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अब परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।