कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करते भुवन कापड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कुणाल चौधरी के पक्ष में उत्तराखंड से उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने प्रचार किया। उन्होंने इस दौरान दावा किया कि अगले कुछ दिनों में कुणाल चौधरी कैबिनेट मंत्री बनने वाले हैं।
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान है और तीन दिसंबर को मतों की गिनती होगी। उससे पहले चुनाव प्रचार अपने शबाब पर है। कापड़ी ने विधानसभा क्षेत्र के पोचानेर गांव में कहा कि कालापीपल के कुणाल चौधरी का नाम पूरे देश में चलता है। कुणाल के राजनीतिक संघर्ष को पूरे देश ने देखा है। आज यहां उनके लिए उमड़े जनसैलाब को देखकर लग रहा है कि कुणाल ने पांच साल जनता की सेवा की है। आने वाले दिनों में यह आपके बीच कैबिनेट मंत्री बनकर जरूर आएगा।
कालापीपल के कांग्रेस प्रत्याशी कुणाल चौधरी ने कहा कि आपके पास कई लोग आएंगे। जाति-धर्म की बात करेंगे। आपको किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कालापीपल में विकास की गंगा बहेगी। हमने विकास किया है यह जनता देख चुकी है।