शहडोल जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जिले के ब्योहारी थाना क्षेत्र के अखेटपुर झारोसी रेलवे क्रॉसिंग में युवक की लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सहायक उप-निरीक्षक संतोष कोल ने बताया है कि नीलेश कोल पिता शंकर कोल, उम्र 20 वर्ष, ब्योहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोयलारी का रहने वाला है। शाम को वह घर से एक दोस्त के साथ निकला था। रातभर वापस नहीं लौटा। सुबह से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। काफी तलाशने के बाद भी परिजनों को नीलेश नहीं मिला। कुछ देर बाद पुलिस ने परिजनों को खबर दी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक कटकर मर गया है। उसकी शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया। मृतक की पहचान नीलेश के नाम से हुई। पुलिस ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी से कटने की वजह से नीलेश की मौत हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच पुलिस कर रही है परिजनों के अनुसार मृतक अपने एक साथी के साथ निकला था लेकिन साथी उसका घर पर था और मृतक रात भर घर वापस नहीं लौटा था हर पहलुओं की पुलिस बारीकी से पड़ताल कर रही है।