शहडोल-बंधवापारा रेलखंड पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला अचानक मालगाड़ी के वैगन के नीचे जाकर बैठ गई। घटना के चलते करीब 15 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे शहडोल रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना मिली कि डाउन होम सिग्नल के पास एक महिला रेलवे ट्रैक से हटने का नाम नहीं ले रही है। इसी दौरान सिग्नल लाल होने के कारण मालगाड़ी वहां आकर रुक गई। ट्रेन रुकते ही महिला अचानक एक वैगन के नीचे जाकर बैठ गई। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी।
ये भी पढ़ें-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का भाई नाना हिरासत में; ड्रग्स मामले में हुई कार्रवाई
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जवानों को देखकर महिला ट्रैक पर इधर-उधर दौड़ने लगी। उसने बचाव में जुटे लोगों के साथ अभद्रता की और पत्थर भी फेंके। काफी देर तक समझाने और सतर्कता के साथ किए गए प्रयासों के बाद महिला को सुरक्षित रेलवे लाइन से बाहर निकाला गया। लोको पायलट के अनुसार, महिला पहले रेलवे ट्रैक के किनारे चल रही थी। जैसे ही मालगाड़ी सिग्नल पर रुकी, वह अचानक वैगन के नीचे चली गई। सुरक्षा कारणों से ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया और पूरे घटनाक्रम के दौरान रेल कर्मचारियों ने सतर्कता बरती।
करीब 15 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। साथ ही लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन या आरपीएफ को देने की अपील की।
महिला को निकालने की कोशिश करती आरपीएफ की टीम