शव मिलने के बाद रपटा पर खड़े ग्रामीण जांच करती पुलिस
शहडोल जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे घटनाएं भी हो रही हैं। ब्यौहारी थाना क्षेत्र में ऐसी ही एक घटना में एक ढाबा कर्मचारी नाले में बह गया। वह रात के समय वह उफनते नाले को पार करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन नाले के तीन फीट ऊपर बह रहे तेज पानी के बहाव में वह बह गया। आज सुबह उसकी लाश मिली।
जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी थाना क्षेत्र के वन बिहार ढाबा में मजदूरी का काम करने के बाद घर लौट रहा युवक रामसेवक पटेल (32) पिता जानकी पटेल रपटा के तेज बहाव में बह गया। वह साइकिल से छोटी पुलिया को पार कर रहा था, इस दौरान वह पानी के तेज बहाव में बह गया। रविवार की सुबह पानी कम होने पर पुल के नीचे कुछ दूरी पर साइकिल और उसका शव मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर ब्यौहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने पुलिस ने मामले पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
तीन दिन से हो रही बारिश
बता दें कि ब्यौहारी क्षेत्र में तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई नदी-नाले उफान पर हैं। कई मार्ग भी बंद हो गए हैं, जिससे 50 गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। पपौंध मार्ग भी बंद हो गया है। तेज बारिश के कारण समधिन नदी उफान पर है, जिससे मार्ग बंद कर दिया गया है। पुलिस ने स्टॉपर लगाकर जवानों तैनात किया है ताकि पुल के ऊपर से पानी बहने पर कोई उसे पार न करे। इसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हैं, जिससे ऐसी घटनाएं घट रही हैं।