ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल की चोरी करने वाले एक युवक को आरपीएफ एवं जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक कटनी से अनूपपुर की टिकट लेकर यात्री बनाकर ट्रेन में यात्रा करता था और यात्रियों के चार्ज में लगे मोबाइलों की चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी से पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज करते हुए जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरपीएफ ने जानकारी में बताया कि नागपुर- शहडोल एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्री दीपू यादव निवासी कोटमा ट्रेन में कटनी से शहडोल आ रहे थे। इस दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया। काफी तलाशने के बाद भी ट्रेन में गुमा हुआ मोबाइल नहीं मिला। जब ट्रेन शहडोल पहुंची तो युवक ने जीआरपी थाने जाकर मामले की शिकायत की। इसके बाद जीआरपी एवं आरपीएफ पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज करते हुए तत्काल आरपीएफ को सूचित कर विवेचना शुरू कर दी। इसी दौरान टीम ने शहडोल रेलवे स्टेशन से एक संदेही को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम रवि यादव पिता सूर्यानाथ यादव 30 वर्ष निवासी त्रिपुरी चौक जबलपुर का होना बताया है। शक्ति से जब पुलिस ने पूछताछ की तो अरोपी रवि यादव ने बताया कि वह कटनी से अनूपपुर के बीच मोबाइल की चोरी करता था, इसके पहले भी वह 10-15 मोबाइल ट्रेन, प्लेट फॉर्म, टिकट बुकिंग काउंटर, वेटिंग हाल से चोरी कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जनरल कोच में अक्सर महंगे मोबाइलों की चोरी करता था, और चोरी के मोबाइल को जबलपुर ले जाकर बेच देता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, पुलिस का कहना है कि चोरी के अन्य मोबाइल भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।