शहडोल जिले के बुढ़ार वन परिक्षेत्र के गोपालपुर बीट में वन भूमि पर पेड़ों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कटाई के दौरान एक पेड़ अचानक मजदूर के ऊपर जा गिरा। हादसे में जैतपुर क्षेत्र के शाहपुर निवासी केशव प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर में बिरला कॉर्पोरेशन लिमिटेड की विक्रम कोल माइंस के लिए वन विभाग की भूमि पर मौजूद लिप्टिस के पेड़ों की कटाई कर जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी काम में कई मजदूर लगाए गए थे। बताया गया कि केशव प्रसाद भी अन्य मजदूरों के साथ पेड़ काटने के काम में जुटा था। इसी दौरान कटाई किया जा रहा पेड़ अचानक उसकी ओर गिर गया। वह पेड़ की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
एमपी: गुणवत्ता जांच भी पास नहीं कर पाईं ग्वालियर की सड़कें, सैंपल फेल होने पर हाईकोर्ट ने NHAI-PWD को फटकारा
मजदूरों ने सुरक्षा को लेकर लगाए आरोप
हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूर बहादुर अगरिया, रूप सहाय समेत अन्य ने काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। मजदूरों का आरोप है कि पेड़ कटाई जैसे जोखिम वाले काम के बावजूद उन्हें हेलमेट समेत जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका यह भी कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के बिना मजदूरों से काम कराया जा रहा था। मजदूरों ने दिहाड़ी मजदूरी कम दिए जाने का आरोप भी लगाया है।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
वन परिक्षेत्र जैतपुर के एसडीओ वीरभद्र सिंह परिहार ने बताया कि वन विभाग की ओर से पेड़ कटाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान एक मजदूर के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वही मौके पर पहुंची बुढार पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद अब वन भूमि पर चल रहे पेड़ कटाई के काम में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।