बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम चिटुहला स्थित ग्राम पंचायत भवन में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। हालांकि, चोरों ने पंचायत भवन में रखे दस्तावेजों को नुकसान नहीं पहुंचाया। घटना के बाद पंचायत सचिव जनार्दन प्रसाद शर्मा ने बुढार थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार चोरों ने पंचायत भवन और उसी परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को निशाना बनाया। चोरों ने सभी कक्षों के ताले तोड़े और वहां रखी बड़ी एलसीडी टीवी, एक कम्प्यूटर सीपीयू, 50 गिलास, स्टील की थाली, बाल्टी और एक व्हील चेयर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। पंचायत भवन में ताले टूटे हुए पाए गए और बगल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला भी टूटा हुआ था। सुबह जब पंचायत सचिव ने पंचायत भवन का दौरा किया, तो उन्होंने देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान गायब था।
घटना के बाद पंचायत सचिव ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में धारा 331(4), 305 के तहत मामला दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामवासियों में इस चोरी की घटना को लेकर भय का माहौल है। उन्हें डर है कि पंचायत भवन के बाद चोर अब आमजन के घरों को भी निशाना बना सकते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे जल्द ही चोर पुलिस हिरासत में होंगे।