बगैय्या नाला में बन रहा स्टॉप डैम टूटा
शहडोल नगर पालिका धनपुरी द्वारा बगैय्या नाला में बनाया जा रहा स्टॉप डैम बीती रात हुई बारिश में टूट गया। इससे आसपास के क्षेत्र में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। जानकारी लगने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जमीनी हकीकत के बारे में जाना।
बताया गया कि एक करोड रुपए की लागत से स्टॉप डैम का निर्माण कई महीने से चल रहा है। अभी यह निर्माणाधीन है और बीती रात हुई बारिश की वजह से टूट गया। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अधिकारी धनपुरी पर आरोप लगाते हुए बताया कि निर्माण में गुणवत्ता सही न होने की वजह से यह निर्माणाधीन डैम बारिश की वजह से टूट गया है।
जानकारी के अनुसार शहडोल जिले के धनपुरी नगर पालिका अंतर्गत बगैय्या नाला पर स्टॉप डेम बनाया जा रहा है। स्टॉप डेम की लागत 98 लाख रुपए बताई जा रही है। बारिश में 98 लाख की लागत से निर्माणाधीन स्टॉप डेम टूट गया। ग्रामीणों की मानें तो ठेकदार की लापरवाही से डैम बहा है। स्टॉप डैम के आसपास मिट्टी की भराई ठीक से नहीं की गई है। वहीं बेसमेंट भी कमजोर बनाया जा रहा है। गुणवत्ताविहीन निर्माण के चलते स्टॉप डैम बह गया है। डैम के बहने से आसपास के लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि स्टॉप डैम का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए जो नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक धनपुरी क्षेत्र में इसका निर्माण कार्य कराया जा रहा है, निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र वासियों को पानी फिल्टर कर यहीं से सप्लाई करने का प्लान नगर पालिका ने किया था। इसका निर्माण पिछले कई महीनों से चल रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी धनपुरी प्रभात बरकडे से इस मामले में संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क ना हो सका।