सोहागपुर थाना क्षेत्र का मामला
- फोटो : Amar Ujala
शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के कुंवरसेझा गांव में 12 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना से कुछ देर पहले पिता ने खाना खाने के बाद बर्तन ऊपर रखने को लेकर बेटी को डांटा था। इसके बाद पिता खेत चले गए। कुछ देर बाद घर पहुंची बुआ ने कमरे में बालिका को फंदे पर लटका देखा।
मृतका की पहचान अंजली पिता लालू सिंह, निवासी कुंवरसेझा के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय अंजली की मां मजदूरी के लिए शहडोल गई थी, जबकि पिता खेत में काम करने चले गए थे। सुबह अंजली ने घर का काम किया और खाना बनाया। उसने पहले माता-पिता को खाना खिलाया और बाद में खुद खाना खाया। मां घर से निकलते समय उससे शहडोल से कुछ खाने का सामान लाने की बात कहकर गई थी।
बर्तन रखने को लेकर पिता ने डांटा था
पुलिस के अनुसार, पिता के खेत जाने से पहले बर्तन रखने को लेकर अंजली को डांट पड़ी थी। इसके कुछ देर बाद पड़ोस में रहने वाली उसकी बुआ घर पहुंची तो अंजली कमरे में फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
घर की जिम्मेदारियों के कारण छूट गई थी पढ़ाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली परिवार में बड़ी बेटी थी। उसके माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर चले जाते थे, इसलिए वह घर पर रहकर अपने करीब डेढ़ साल के छोटे भाई की देखभाल करती थी। इसी वजह से उसने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल जाना छोड़ दिया था। बताया गया कि इस साल उसका स्कूल में नाम भी नहीं लिखा गया था। वह घर का काम करने के साथ माता-पिता के लौटने तक छोटे भाई को संभालती थी।
ये भी पढ़ें-
सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; साथी भी घायल
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पिता की डांट से नाराज होकर यह कदम उठाने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।