शहडोल जिले में रेत का काला कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ब्यौहारी पुलिस ने फिर रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पुलिस को देखकर चालक फरार हो गया पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक और मालिक के विरुद्ध खनिज अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ब्यौहारी पुलिस ने बताया कि रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन जंगल के रास्ते किया जा रहा था, तभी इसकी जानकारी पुलिस को लगी और पुलिस ब्यौहारी के भोलहरी जंगल में छुपकर बैठी हुई थी।तभी रेत लोड कर ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को जब्त करने के लिए घेराबंदी की, तभी पुलिस को देखकर चालक जंगल के अंदर घुस गया और घना जंगल होने की वजह से वह भागने में सफल हुआ। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। चालक पुलिस देखकर जंगल में भागने में सफल हुआ। पुलिस कर्मियों ने चालक का कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन वह पकड़ा नहीं गया। इस मामले में वाहन चालक और मलिक के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य धाराओं पर मामला दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है।
एक सप्ताह के भीतर ब्यौहारी पुलिस ने चार ट्रैक्टर एक जेसीबी एवं एक हाइवा को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को लेकर जब्त किया है। ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बीते दिनों सभी थाना प्रभारी के साथ एक बैठक की थी और उन्होंने सभी थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी को निर्देश दिया था कि किसी भी क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार नहीं चलना चाहिए। इसके बाद लगातार पुलिस यह कार्रवाई कर रही है।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बीते महीने सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह बागरी की रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद पुलिस व प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाईयां की। लेकिन इसके बावजूद भी रेत का अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध रेत का परिवहन लगातार जारी है। पुलिस ने खुद एक सप्ताह के भीतर चार ट्रैक्टर समेत अन्य वाहनों को रेत के अवैध कारोबार में जब्त कर यह साबित कर दिया है।
खाली पाउडर की पैकेट थमा सोने की चेन लेकर फरार हुए जालसाज
शहडोल में सोने के जेवर को चमकाने आए दो बदमाशों ने जालसाजी पूर्वक महिला की सोने की चेन लेकर फरार हो गए हैं। मामला धनपुरी थाने का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कई स्थानों से पुलिस में सीसीटीवी फुटेज भी इकट्ठा की है।
क्लीनिंग पाउडर बेचने आए दो बाइक सवार जालसाज महिला को झांसा देकर उसकी सोने की चेन लेकर फरार हो गए। इस वारदात को अंजाम देने के दो दिन पहले जालसाज उक्त क्षेत्र का मुआयना करने जा चुके थे, जिसके बाद मंगलवार दोपहर उन्होंने उक्त वारदात को अंजाम दिया। यह घटना सिद्दीकी कालोनी धनपुरी निवासी सरदार अहमद की पत्नी के साथ घाटित हुई। घटना के बाद इसकी शिकायत पीड़िता के पति द्वारा धनपुरी थाना में दर्ज कराई गई। जानकारी के अनुसार, धनपुरी थाना क्षेत्र के सिद्दीकी कालोनी निवासी सरदार अहमद के घर का दो युवकों ने करीब दोपहर दो बजे दरवाजा खटखटाया। इस पर उनकी पत्नी ने दरवाजा खोला तो सामने सूट-बूट में दो युवकों ने सबसे पहले उन्हें नमस्कार किया और फिर अपना परिचय एक सेल्समैन के रूप में दिया।
इसके बाद युवकों ने बड़ी ही चतुराई के साथ अपने पास रखी क्लीनिंग पाउडर की पैकेट निकाली और उसका फायदा बताना शुरू कर दिया। जालसाजों ने बताया कि उनका यह पाउडर बड़ा ही चमत्कारी है। इससे न केवल बर्तन बल्कि गंदे सोने चांदी के जेवर भी बिलकुल साफ़ हो जाते हैं। सबसे पहले तो युवकों ने उस पाउडर से बर्तन साफ़ करके दिखाया और महिला का भरोसा जीतने का प्रयास किया। इसके बाद महिला के पैर की पायल को भी चमकाकर साफ़ कर दिया। फिर जालसाजों ने महिला के गले में मौजूद सोने की चेन को साफ़ करने की बात कही। भरोसा करके महिला ने अपने सोने की करीब तीन तोला वजनी चैन जालसाजों को साफ़ करने के लिए थमा दी, जिसकी कीमत लगभग सवा दो लाख रुपये से ऊपर बताई जा रही है।
'दस मिनट बाद खोलिएगा पैकेट'
जालसाजों की नीयत से अनजान महिला के सामने ही उक्त युवकों ने बड़े ही सफाई के साथ सोने की चेन को अपने पास रख लिया। लेकिन महिला समझ नहीं पाई। इसके बाद एक पाउडर की पैकेट खोली, फिर ऐसा दिखावा किया कि उन्होंने चेन उसमें डालकर रख दी है। उक्त पैकेट में स्टेपलर पिन लगाते हुए महिला को दिया और कहा कि क़रीब 10 मिनट बाद इसमें से अपने चेन निकाल लेना। तब तक वह चमक जाएगी। इतना कहते हुए काले रंग की पल्सर से आए दोनों युवक वहां से बड़े ही तेजी के साथ फुर्र हो गए।
बहू अंदर से आई, तब खुली आंख
इस बीच महिला की बहू को अंदर से किसी के आहट की आवाज आने पर वह बाहर आंगन में आई तो सास ने जेवर साफ़ कराने की बात बताई। इस पर बहू को आभाष हुआ कि कहीं जालसाजी करके तो नहीं चला गया है। इसलिए उसने सास से तुरंत उक्त पाउडर की पैकेट को खोलने के लिए कहा। जब उसे खोला गया तो उसमें केवल पाउडर निकला और चेन जालसाज लेकर फुर्र हो चुके थे। सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।