दुष्कर्म के आरोपी का घर जमींदोज
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिले के जैतपुर थाना अंतर्गत 12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी पर प्रशासन ने कार्रवाई की। शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर आरोपी का घर जमींदोज कर दिया। 27 वर्षीय आरोपी युवक ने मासूम बच्ची से गलत काम किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं अन्य धाराओं पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। शनिवार को प्रशासनिक अधिकारी आरोपी के घर पहुंचे और बुलडोजर चलाकर घर जमींदार कर दिया।
जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 दिन पहले 12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को आरोपी ने अंजाम दिया था। मासूम घर में अकेली थी माता-पिता गांव में ही एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, जिसका फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाले 27 वर्षीय युवक ने घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। 12 वर्षीय मासूम के माता-पिता जब घर पहुंचे तो मासूम ने अपनी आपबीती अपने माता पिता को बताई जिसके बाद बच्ची ने परिजनों के साथ थाने जाकर मामला दर्ज कराया था। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर घर जमींदोज कराया गया है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम जैतपुर, तहसीलदार, थाना प्रभारी, व आसपास के थाना एवं चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था।