शहडोल में होली त्योहार के दौरान एक आरोपी शराब का अवैध कारोबार करने की फिराक में था। आरोपी को पुलिस ने त्योहार से पहले ही दबोचा लिया। पुलिस ने 78 लीटर शराब के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खारी गांव में एक युवक घर से शराब बेचने की फिराक में था। होली के त्योहार की तैयारी में युवक जुटा हुआ था और अवैध शराब का एक बड़ा जखीरा बुढ़वा से लेकर वह खारी गांव अपने घर के पीछे बाड़ी में गड्ढा खोदकर अवैध शराब को छुपाए हुए था। पुलिस को मुखबिर की खबर लगी और पुलिस मौके पर पहुंच गई और बाड़ी में गड्ढे के अंदर रखे शराब को जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सूचना के आधार पर पुलिस ने संदीप वैश्य के घर में छापामार कार्रवाई की। तभी घर के पीछे बाड़ी में जमीन में गड्ढा था, जिसके ऊपर झाड़ियां ढककर युवक ने शराब छुपा रखी थी। पुलिस के अनुसार, 54 लीटर देशी प्लेन शराब एवं 24 लीटर अंग्रेजी बीयर शराब को जब्त कर संदीप वैश्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अवैध शराब की कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है।