शहडोल में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने कुदरी रोड पर कबाड़ के एक ठिकाने पर कार्रवाई की है। कोतवाली और सोहागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर यहां से बड़ी मात्रा में सबमर्सिबल पंप, टुल्लू पंप, कॉपर वायर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है। कार्रवाई के दौरान मेरठ निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार कुदरी रोड पर किराए के मकान में कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा था। यहां तलाशी के दौरान खेतों में इस्तेमाल होने वाले 50 से अधिक सबमर्सिबल पंप मिले। इनमें 17 से ज्यादा पंप चालू हालत में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कई पंपों को काटकर उनके अलग-अलग हिस्से कर दिए गए थे। मौके से बड़े टुल्लू पंप, कॉपर वायर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें-
एमपी स्वामित्व योजना: पटवारियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 1050 पटवारी पदोन्नत होकर बनेंगे राजस्व निरीक्षक
मेरठ का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान नदीम मलिक पिता सराफत अली, निवासी मेरठ के रूप में की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान कहां से लाया गया था। पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पंप और अन्य उपकरण चोरी के हैं या फिर इन्हें अलग-अलग स्थानों से कबाड़ के रूप में खरीदा गया था।
सरकारी उपकरणों की चोरी से भी जोड़कर जांच
शहडोल में हाल के दिनों में सरकारी कार्यालयों में लगे उपकरणों और अन्य विद्युत सामग्री की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। विश्वविद्यालय के पावर ट्रांसफार्मर से कॉपर और ऑयल चोरी किए जाने के मामलों की भी पुलिस जांच कर रही है। इसी दौरान सोहागपुर पुलिस ने चोरी से जुड़े एक अन्य गिरोह के संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। उनके पास से विद्युत तार समेत अन्य सामान बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद सामान चोरी की किन घटनाओं से जुड़ा है और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा था।