शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा में एक मकान के बाहर स्थित कच्ची दिवार बारिश के कारण गिर गई, जिसमें वहां खेल रहे तीन बच्चे दब गए। इनमें से एक बच्चे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक बच्चे की पहचान अभिषेक धासी पिता लालजी पांच वर्ष निवासी ग्राम छपरा के रूप में हुई है। जबकि घायलों में साक्षी व अनुज शामिल हैं। दोनों की उम्र लगभग पांच साल बताई जा रही है।
जिस दीवार गिरने के कारण यह हादसा हुआ, वह मिट्टी से जुड़ी हुई थी और लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। तीनों बच्चे बाउंड्री के पास शनिवार दोपहर खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक बाउंड्रीवाल गिर गई, जिसमें तीनों बच्चे दबा गए। घटना को देख आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए। किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक अभिषेक की सांसें थम चुकी थी। वहीं, दो अन्य बच्चों साक्षी व अनुज को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
बीते रात्रि से शुक्रवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मुख्यालय में सिंहपुर रोड में रहने वाले कई लोगों के घरों में पानी भरने के कारण गृहस्थी का हजारों का सामान बर्बाद हो गया है। वहीं, नदी-नाले उफान पर हैं। शहडोल स्थित जैन मंदिर के पास एक जर्ज़र दुकान की छत का काफी हिस्सा बारिश के कारण गिर गया। गनीमत रही की रात्रि होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नही हुई।