अमरकंटक एक्सप्रेस में जेवरों से भरा पर्स चुराता चोर।
- फोटो : अमर उजाला
दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला का जेवरों से भरा पर्स चलती ट्रेन में चोरी हो गया। पर्स में महिला के ज्वेलरी, मोबाइल और अन्य सामग्री थी। लगभग दो लाख रुपये कीमत की सामग्री लेकर चोर फरार हो गया। चोर इतना शातिर था कि वह चलती ट्रेन से महिला का पर्स चुराकर फरार हो गया। यह घटना ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब यह तस्वीर सोशल साइट्स पर तेजी से वायरल हो रही है। महिला की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने अज्ञात चोर कें खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर शहडोल के शातिर चोर को पुलिस ने चोरी की सामग्री के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गाड़ी संख्या 12853 दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस में उसलापुर से जबलपुर तक कोच नंबर एम-1 के बर्थ नम्बर आठ में अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही महिला यात्री शिवानी भोजवानी पति चिमन भोजवानी, उम्र-27 साल, निवासी-बिहारी टॉकीज पुराना हाईकोर्ट रोड बिलासपुर, का सफेद रंग का पर्स चोरी हो गया था। इसमें करीब डेढ़ तोला सोने की मंगलसूत्र एवं दो नग कंगन, दो मोबाइल थे। इनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये थी। झलवारा के आसपास ट्रेन से चोरी कर आरोपी चलती ट्रेन से उतरकर भाग गया था। इस दौरान ट्रेन के कोच में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह वारदात कैद हो गई। यात्री ने रेल मदद पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर रेल सुरक्षा बल की टास्क टीम-2 ने तत्काल खोजबीन शुरू की। महिला ने जबलपुर पहुंचकर जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जीरो पर मामला दर्ज कर जीआरपी थाना शहडोल को सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की सामग्री जब्त कर शातिर आरोपी अमरसिंह उर्फ पिंटू गोंड़ पिता खन्ना सिंह, उम्र-29 साल, को गिरफ्तार कर लिया गया है।