शहडोल में बुढ़ार थाना अंतर्गत पांच साल की बच्ची के साथ पड़ोसी द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बुढ़ार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक पांच साल की बच्ची के साथ उसके पड़ोसी द्वारा बच्ची को घर में अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुराचार करने की कोशिश की गई। इसकी जानकारी मासूम ने परिजनों की दी।
परिजनों ने मामले की शिकायत बुढ़ार थाने में दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत पर बुढ़ार पुलिस ने दरिंदे पड़ोसी के खिलाफ धारा-376 व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि एक बच्ची के साथ अश्लील हरकत का एक मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र में आया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
नहीं थम रहे महिलाओं के प्रति अपराध...
जिले में महिलाओं के प्रति अपराध में निरंतर इजाफा हो रहा है। आए दिन महिला प्रताड़ना के साथ दुराचार के मामले सामने आ रहे हैं। बीते कुछ महीने के अंदर जिले में महिला अपराध की बात करें तो दुराचार के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसमें पिता-पुत्री, भाई-बहन, जीजा-साली और दादा-पोती के साथ दुराचार के मामले दर्ज हुए हैं।