जिले में बुधवार शाम मानसून ने जोरदार दस्तक दी। अचानक बदले मौसम के बीच हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। कई दिनों से तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग बेहाल रहे लेकिन शाम होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। शहर के कई इलाकों में कुछ समय के लिए सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होते ही बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोग घरों से बाहर निकलकर मानसून की पहली प्रभावी बारिश का आनंद लेते नजर आए। वहीं बाजारों में मौजूद लोगों ने बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड का सहारा लिया।
ये भी पढ़ें: Burhanpur Rain: झमाझम बारिश से बुरहानपुर शहर हुआ जलमग्न, निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
मानसून की इस बारिश को किसानों के लिए भी राहतभरा माना जा रहा है। किसान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। उनका कहना है कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचेगी और खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य तेज गति से शुरू किया जा सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का सकारात्मक असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। यदि इसी तरह बारिश का सिलसिला बना रहा तो जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ेगी और कृषि कार्यों को भी लाभ मिलेगा।
बुधवार की बारिश ने न केवल मौसम को खुशनुमा बनाया, बल्कि लोगों को तपती गर्मी से राहत देकर मानसून के आगमन का अहसास भी करा दिया। अब जिलेवासी नियमित और अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं।