शहडोल के जैतपुर में रेत के अवैध कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि रेत से लदे पांच मिनी ट्रक मौके पर ही छोड़ चालक भाग गए। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। जब्त वाहनों और रेत समेत कुल मशरूका की कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के बदौड़ी मेन रोड पर की गई। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरहानी गांव के पास कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और मिनी ट्रकों के जरिए उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बदौड़ी मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान रेत लेकर पांच मिनी ट्रक वहां पहुंचे। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालकों ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। सभी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और रास्तों का फायदा उठाकर चालक हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने पांचों मिनी ट्रकों को जब्त कर लिया।
ये भी पढ़ें-
रीवा में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन: वाटर कैनन और आंसू गैस से मचा हड़कंप, विक्रांत भूरिया गिरफ्तार
पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नदी से रेत शहर तक पहुंचाने का नेटवर्क
स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि खैरहानी क्षेत्र में कुछ लोग कुनुक नदी से रेत निकालकर उसे एकत्र करते हैं। इसके बाद शहडोल के जरवाही और घरौला क्षेत्र के वाहनों के जरिए रेत को जैतपुर से शहडोल तक पहुंचाकर बेचने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले देवलौंद और ब्यौहारी क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है।
बताया गया कि नदी के उस पार गोहपारू थाना क्षेत्र है, जहां खैरहानि निवासी कुछ खनन माफिया रेत निकाल कर शहडोल के माफियों को मिनी ट्रक में बेचते हैं और माफिया जैतपुर के रास्ते से रेत लोड वाहनों को शहडोल ला रहे थे जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।