जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में आधी रात बीएसएनएल की केबल लाइन में आई तकनीकी खराबी को सुधारने के दौरान हादसा हो गया। अस्पताल के सामने करीब दो मीटर गहरा गड्ढा खोदकर उसमें उतरे मजदूर के ऊपर पास स्थित नाली की दीवार गिर गई, जिससे मलबे में दबने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने रीवा में बीएसएनएल कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने और जांच का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार रीवा निवासी रामसेवक सोंधिया को बीएसएनएल के कर्मचारी काम के लिए ब्यौहारी लेकर आए थे। अस्पताल के सामने केबल में खराबी आने पर सुधार कार्य के लिए गड्ढा खोदा गया था। रामसेवक गड्ढे में उतरकर लाइन सुधारने का काम कर रहा था। इसी दौरान गड्ढे के बगल में स्थित नाली की दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद रामसेवक को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: प्रदेश में बंद बस स्टैंड फिर होंगे शुरू, सीएम यादव ने कलेक्टर को दिए निर्देश, हर जिले में रूट की समीक्षा होगी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रीवा चले गए। मंगलवार रात परिजनों ने कॉलेज चौराहे पर बैठकर करीब 45 मिनट तक विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन वहां से हट गए।
परिजनों ने रामसेवक की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसे कंपनी के काम के लिए घर से ले जाया गया था लेकिन बाद में उसकी मौत की जानकारी दी गई। परिजन मामले में कंपनी की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं।
ब्यौहारी पुलिस का कहना है कि घटना उनके थाना क्षेत्र में हुई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।