शहडोल जिले के जिला शिक्षा अधिकारी एमएल पाठक भोपाल में एक विभागीय बैठक में शामिल होने गए थे। इस दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के जिला शिक्षा अधिकारी एमएल पाठक भोपाल में आयोजित एक विभागीय बैठक में शामिल होने के लिए शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। बैठक के बाद वह ऑटो पकड़ने के लिए अपने कुछ सहयोगियों के साथ सड़क पार कर रहे थे, इस दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जिला शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया। गंभीर हालत में एमएल पाठक को उनके सहयोगियों ने भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कई दिन तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। हादसा 22 जनवरी को हुआ था, इसके बाद से पाठक का अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, पाठक वर्तमान में शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा के प्राचार्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। कुछ वर्ष पहले वह शहडोल में डीपीसी के पद पर भी कार्यरत रहे थे। मंगलवार सुबह उनका शव शहडोल लाया गया, जिसके बाद से ही उनके घर में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उनके घर पहुंचे। मंगलवार दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।