शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़कर मामले में कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर देवलोंद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
रविवार को पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले पर दो विशेष टीमों का गठन किया था जिनके द्वारा यह गिरफ्तारी की गई है।
ये भी पढ़ें-
दुराचार के बाद युवती की कुएं में धक्का देकर हत्या, हाईवे निर्माण कार्य में लगा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, बुढ़वा वृत्त में पदस्थ नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम समान में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर खेत में घुस गया। इस दौरान ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अलग-अलग हो गए, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
शिकायत के बाद तत्काल सक्रिय हुई पुलिस
नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की शिकायत पर देवलोंद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक प्रकाश उर्फ सत्यम बैस और वाहन मालिक कृष्णपाल बैस, दोनों निवासी बुढ़वा-2, थाना देवलोंद, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में घटना के तुरंत बाद सक्रियता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करना प्रमुख रहा। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।