जंगली जानवर के शिकार करने वाले फरार वारंटी को गिरफ्तार करने गई ब्यौहारी थाना पुलिस पर आरोपी के परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमले में सब इंस्पेक्टर का हाथ फैक्चर हुआ है। इस घटना के बाद माना जा रहा है कि जिले में पुलिस का डर लोगों में खत्म होता जा रहा है। पहले जहां आम लोगों पर इस तरह के हमले होते थे,लेकिन अब पुलिस पर ही लोग हमले कर रहे हैं।
थाना प्रभारी समीर वारसी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम साखी में पुलिस पहुंची और वारंटी गया प्रसाद लोनी को पकड़ लिया, जिसके बाद हमला हुआ है। पुलिस के अनुसार गया प्रसाद लोनी का वारंट था, जिसको लेकर पुलिस की एक टीम वहां पहुंची। इस टीम में सब इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर गया प्रसाद लोनी को पकड़ लिया और पुलिस वाहन में बैठा लिया। उसी दौरान उसके परिवार और आस पास के लोग इकट्ठा हो गए और गया प्रसाद लोनी को छुड़ाने का प्रयास करते हुए , पुलिस के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें सब इंस्पेक्टर एम एल सोनवानी एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर वारंटी के परिवार के सदस्यों के ने प्राणघातक हमला किया, आरोपियों ने कुल्हाड़ी से पुलिसकर्मियों के सिर पर वार किया। लाठी-डंडों से भी पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की गई है, जिसमें सूर्य प्रताप सिंह, आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी थाना प्रभारी को मौजूद पुलिसकर्मियों ने दी। सूचना लगते ही थाना प्रभारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और बीच बचाव किया। तब तक आरोपी वहां से भाग गए हालांकि पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। वारंटी को पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले आई है।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
वारंटी के परिवार के सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने प्राणघातक हमला, शासकीय कार्य में बाधा, बलवा व अन्य धाराओं पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी छोटी बाई, वर्षा लोनी, अमृत लोनी, पंकज लोनी, सोनू लोनी, सहित कुल 7 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।