कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। बुधवार तड़के विभाग की टीम ने बुढार थाना क्षेत्र के बटली घाट स्थित सोन नदी में दबिश देकर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते तीन मिनी ट्रकों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। विभाग ने वाहन की पहचान कर ली है और उसे भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
नदी में रेत निकालते मिले मजदूर
खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बटली घाट पर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खनिज विभाग की टीम बुधवार सुबह मौके पर पहुंची। टीम को नदी के बीच करीब तीन दर्जन से अधिक मजदूर रेत निकालकर मिनी ट्रकों में लोड करते मिले।
खनिज अमले को देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भागने लगे। कार्रवाई का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम के पहुंचने के बाद मजदूरों को मौके से भागते देखा जा सकता है।
तीन वाहन जब्त
जांच के दौरान नदी में तीन मिनी ट्रक मिले, जबकि एक अन्य वाहन नदी के ऊपर खड़ा था। इसी दौरान एक वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। खनिज विभाग ने तीन मिनी ट्रकों को जब्त कर उनके चालकों को हिरासत में लिया है। विभाग के अनुसार फरार वाहन की पहचान रवि यादव के वाहन के रूप में हुई है। खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले ने बताया कि वाहन की पहचान कर ली गई है और उसे भी जल्द जब्त किया जाएगा।
कार्रवाई के बाद खनिज विभाग ने बुढार थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई में सहयोग किया। जब्त किए गए तीनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से बुढार थाने में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
जैतपुर में 330 घनमीटर अवैध रेत का विनिष्टीकरण
अवैध रेत के भंडारण के खिलाफ भी प्रशासन ने कार्रवाई की है। जैतपुर तहसील के ग्राम कमता में 150 घनमीटर और लुकामपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल 180 घनमीटर अवैध रेत का भंडारण चिन्हित किया गया।
प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुल 330 घनमीटर अवैध रेत का विनिष्टीकरण कराया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत के भंडारण और परिवहन पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।