सिवनी जिले के बरघाट तहसील अंतर्गत ग्राम धपारा के पटवारी महेंद्र बिसेन को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को पटवारी के शासकीय कार्यालय कक्ष में की गई।
पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर यह ट्रैप ऑपरेशन अंजाम दिया गया। लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि बोरीखुर्द निवासी भगतराम खरे (पिता स्व. भैयालाल खरे) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि धपारा हल्का नंबर 81 एवं 82 के पटवारी महेंद्र बिसेन सीमांकन की पावती देने के बदले 6 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
महू आर्मी वॉर कॉलेज में कैमरे में कैद हुआ लेपर्ड, एक हफ्ते पहले से हो रही थी तलाश
शिकायत के अनुसार, आवेदक की पत्नी बैगीन बाई खरे को उनकी माता द्वारा ग्राम पंचायत धपारा स्थित खसरा नंबर 627 में से 1/5 हिस्सा दिया गया था। भूमि का विधिवत सीमांकन हो चुका था, लेकिन पटवारी पावती जारी करने के लिए रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत जब आवेदक पटवारी के कार्यालय पहुंचा और 6 हजार रुपये दिए, तभी पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद कर ली गई।
आरोपी पटवारी महेंद्र बिसेन (पिता स्व. चैतराम बिसेन, उम्र 51 वर्ष) के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। ट्रैप दल में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित जबलपुर लोकायुक्त की पूरी टीम शामिल रही। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी रही।