सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम मोलगा में एक महिला ने आठ माह के बच्चे के साथ कुएं में कूद गई। घटना में मां और बच्चे दोनों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी अनुसार ग्राम मोलगा निवासी 26 वर्षीय निधि शर्मा पति रवि शर्मा मंगलवार दोपहर से घर से गायब थी। महिला का पति रवि अपनी मां को लेकर सीहोर आया था। इस दौरान महिला के घर में उसकी ननद थी। जब पति वापस घर लौटा तो उसे निधि के घर पर न होने की जानकारी मिली। रवि ने निधि की तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद रवि को घर से एक किमी दूर रामनगर रोड के किनारे खेत में बने कुएं के पास निधि के चप्पल मिले। महिला को आसपास काफी खोजा गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। गांव के कुछ युवकों ने कुएं में उतरकर देखा लेकिन महिला का कुछ पता नहीं चल रहा था। जब कुएं की गहराई में जाकर देखा तो तलहटी में महिला का शव नजर आया।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने महिला और बच्चे का शव कुएं से निकलवाया। पंचनामा के बाद महिला के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर रहे अजय ओझा ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मामला खुदकुशी का लग रहा है। लेकिन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है।