आगामी चैत्र नवरात्रि में सलकनपुर देवीधाम विजयासन देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए हर बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इस बार भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से इनकार नहीं किया जा सकता है। लेकिन इस बार श्रद्धालु अपने वाहन सलकनपुर मंदिर परिसर तक अपने निजी वाहन नहीं ले जा सकेंगे। इस बार सलकनपुर मंदिर परिसर तक निजी वाहन प्रतिबंधित किए गए हैं। श्रद्धालु अधिकृत टैक्सी वाहनों से मंदिर परिसर तक जा सकेंगे। श्रद्धालु अपने निजी वाहन नीचे पार्क कर इन अधिकृत टैक्सी वाहनों से मंदिर परिसर तक जा सकेंगे।
आगामी नौ अप्रैल से चैत्र नवरात्रि पर सलकनपुर देवीधाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं एसपी मयंक अवस्थी ने सलकनपुर देवीधाम में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार से की जाए कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो और सभी श्रद्धालु सुविधाजनक ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें। कलेक्टर सिंह एवं एसपी अवस्थी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया।
कलेक्टर सिंह सलकनपुर देवीधाम में पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई तथा पर्याप्त बिजली व्यवस्था के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन तथा निर्गम की सुगम व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने इमरजेंसी के लिए फायर बिग्रेड, एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला स्थल पर दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगवाने तथा मेले के बेहतर प्रबंध के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था किसी भी प्रकार से बाधित न हो
एसपी अवस्थी ने सभी मुख्य स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। ताकि यातायात व्यवस्था किसी भी प्रकार से बाधित न हो। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अधिकारी-कर्मचारी किसी भी स्थान पर यातायात बाधित होने पर तुरंत यातायात को सुचारू बनाएं। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रांगण में रोपवे का निरंतर संचालन होता रहे, ताकि अधिक से अधिक लोगों का आवागमन हो सके। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, एएसी गीतेश गर्ग, एसडीएम राधेश्याम बघेल सहित, एसडीओपी शशांक गुजर, जनपद सीईओ देवेश सराठे, तहसीलदार कैलासिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अस्थाई आईसीयू अस्पताल एवं हेल्थ कैंप की सुविधा
कलेक्टर सिंह ने नवरात्रि पर्व के दौरान कुबेरेश्वर धाम की तरह ही अस्थाई रूप से आईसीयू अस्पताल बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे। ताकि चिकित्सा की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रूप से मेडिकल सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
बाहरी बसों के लिए अस्थायी बस स्टैंड एवं पार्किंग की व्यवस्था
कलेक्टर एवं एसपी ने बाहर से आने वाली बसों की पार्किंग के लिए अस्थाई बस स्टैण्ड बनाने के निर्देश दिए। ताकि सड़क मार्ग पर बसों से होने वाले ट्रैफिक को व्यवस्थित एवं नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बाहरी वाहनों को मुख्य मार्ग से अलग खड़ा करने के लिए पर्याप्त स्थान होने पर जाम नहीं लगेगा और वहानों का आवगमन सुगमता से होगा। इसके साथ निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान पर पार्किंग बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य स्थानों पर हेल्प डेस्क
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में कोई परेशानी न हो। इसके लिए मुख्य स्थानों पर हेल्प डेस्क बनाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि मंदिर परिसर में कन्ट्रोल रूम बनाया जाए, ताकि ड्यूटी के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी सतत सम्पर्क में रहें। कलेक्टर सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो, ताकि लोगों को पेयजल आसानी से प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य स्थानों पर अस्थाई शौचालय भी स्थापित किए जाए। ताकि लोगों को सुविधा उपलब्ध हो सके।