सीहोर जिले में बुधनी क्षेत्र के ग्राम मोगरा में पढ़ने वाली कक्षा नौ की छात्रा ने बुधवार को अज्ञात कारण से स्कूल के ही बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्रा के पास से पुलिस को दो पर्चियां भी मिली हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इधर, छात्रा के इस तरह से स्कूल में फांसी लगाने की घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मोगरा में नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। बुधवार को छात्रा का शव स्कूल के बाथरूम में दुपट्टे से लटका मिला। मोगरा निवासी रीना गौर गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती थी। करीब दो बजे लंच के बाद छात्रा बाथरूम की ओर गई थी। शिक्षकों ने बताया कि काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसे खोजने निकले। बच्चों ने कहा कि बाथरूम का गेट लॉक है। इसके बाद महिला स्टॉफ को बाथरूम में भेज कर छात्रा को आवाज दी गई। काफी देर तक गेट नहीं खोलने पर शिक्षकों ने छत पर चढ़कर बाथरूम की विंडो से देखा। जहां छात्रा की लाश लटकी हुई दिखाई दी।
रीना दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर चुकी थी। शिक्षकों ने छात्रा की लाश को नीचे उतारा। इसके बाद रेहटी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को छात्रा के पास से दो पर्चियां भी मिली हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। आत्महत्या का कारण अभी तक पता नहीं लग सका है। इस संबंध में रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने बताया कि मृतक छात्रा के पास से दो पर्चियां मिली हैं। उनकी जांच की जा रही है।