फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sehore News: भैरूंदा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, निचली बस्तियां जलमग्न

Mon, 01 Sep 2025 10:57 AM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

जिले की अन्य तहसीलों बुधनी, श्यामपुर, आष्टा और इछावर में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे खरीफ फसलों को संजीवनी मिली। हालांकि, इस वर्ष अब तक जिले में औसत से लगभग 3 इंच कम बरसात दर्ज की गई है।
विज्ञापन
भैरूंदा में सीजन की पहली मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीहोर जिले के भैरूंदा नगर में सीजन की पहली मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार तीन घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश से नगर की सड़कों पर पानी भर गया और निचली बस्तियों में हालात बाढ़ जैसे बन गए। ढाई इंच से ज्यादा (60 मिमी/2.36 इंच) बारिश दर्ज हुई। बारिश का सबसे ज्यादा असर मुस्लिम मोहल्ला, बजरंग कुटी, आईटीआई कॉलोनी, मामा कॉलोनी, किसान मोहल्ला, मोरछली गली और हकीम जी वाली गली में देखा गया। खासकर वार्ड क्रमांक 5 में कई घरों में पानी भर गया। लोगों का घरेलू सामान भीगकर खराब हो गया और रहवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

विज्ञापन


प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप
भैरूंदा के दाना बाबा चौराहे और बस स्टैंड क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गए। बसों और अन्य वाहनों का संचालन बाधित हुआ। नगर के सिविल अस्पताल परिसर और सरकारी कार्यालयों में भी पानी भर जाने से मरीजों व परिजनों को कठिनाई हुई। सुबह से ही लोग अपने घरों में दुबके रहे और आवश्यक कार्य के लिए भी बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

ये भी पढ़ें: भोपाल में हुई क्रिएटर्स समिट-2025: CM डॉ. यादव बोले- मध्यप्रदेश में भी दिये जायेंगे स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स
विज्ञापन


नाले में उफान और अधूरा निर्माण बना मुसीबत
शहर के बीच से गुजरने वाले नाले में इस बार पहली बार इतना अधिक पानी देखा गया। नगर परिषद भैरूंदा ने नाले की सफाई का दावा किया था, लेकिन तेज बारिश में नाले का पानी सड़कों पर बह निकला। बड़े पुल से कब्रिस्तान तक बने नाले ने कुछ राहत दी, लेकिन इंदौर रोड से सद्दाम कॉलोनी तक का अधूरा निर्माण परेशानी का बड़ा कारण बना। यहां पानी की निकासी न होने से वार्ड क्रमांक 3 और 5 में घर जलमग्न हो गए।



बुधनी और श्यामपुर में भी झमाझम
जिले में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग तहसीलों में जोरदार बारिश दर्ज हुई। बुदनी में सबसे अधिक 70.5 मिमी (2.77 इंच), भैरूंदा में 60 मिमी (2.36 इंच), श्यामपुर में 40 मिमी (1.57 इंच), सीहोर में 12 मिमी (0.47 इंच), आष्टा व इछावर में 5 मिमी (0.19 इंच), रेहटी में 5.6 मिमी (0.22 इंच) और जावर में 3 मिमी (0.12 इंच) वर्षा हुई। बारिश से खेतों में नमी बढ़ी और खरीफ फसलों को संजीवनी मिली। हालांकि, कुछ जगहों पर जलभराव ने राहगीरों को मुश्किल में डाल दिया। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ें:  स्वदेशी के आह्वान के बीच वित्त विभाग ने विदेशी कंपनी को बनाया कंसलटेंट, निर्णय सवालों के घेरे में

इस साल अभी भी 3 इंच कम बारिश
1 जून 2025 से अब तक जिले की औसत बारिश 855.9 मिमी (33.68 इंच) दर्ज हुई है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि तक औसत 933.4 मिमी (36.74 इंच) थी। यानी इस साल अब तक करीब 2.9 इंच कम बरसात हुई है। 1 जून से अब तक जिले की तहसील सीहोर में 807.6 मिमी (31.79 इंच), श्यामपुर 764.9 मिमी (30.11 इंच), आष्टा 669 मिमी (26.34 इंच), जावर 557.6 मिमी (21.94 इंच), इछावर 825.3 मिमी (32.49 इंच), भैरूंदा 910 मिमी (35.82 इंच), बुधनी 1206.5 मिमी (47.48 इंच) और रेहटी 1106.8 मिमी (43.56 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

किसानों के लिए राहत और उम्मीद
भारी बारिश से जहां शहरवासी परेशान हुए। वहीं, किसानों के चेहरे खिले। खेतों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता से धान और सोयाबीन की फसल को जीवनदान मिला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में और बरसात के आसार बने हुए हैं।

 

भैरूंदा में सीजन की पहली मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें