सीहोर में आसामाजिक और बदमाशों का आंतक तेजी से बढ़ रहा है। शहर के बाजार क्षेत्र खंजाची लाइन से दिनदहाड़े एक महिला का तीन बदमाश लड़के पर्स झपट आंखों के सामने से भाग निकले थे। पर्स में नोटों के अलावा मोबाइल और अन्य सामान रखा था। चार दिन पहले हुए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीन बदमाशों को दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार खंजाची लाइन निवासी रौनक अग्रवाल पिता पिता विष्णु दयाल अग्रवाल ने 12 जून को कोतवाली थाने में रिपोर्ट लिखाई थी। जिसमें बताया था कि उनकी माताजी सरिता देवी अग्रवाल 11 जून को बाजार से आवश्यक काम करने के कृष्णा डेयरी के पास अपने घर वापस आ रही थीं। इसी दौरान शाम छह बजे के करीब मोटर साइकिल से तीन लड़के अग्रवाल पंचायती वाली गली से आए और मेरी मां के कंधे पर टंगा हुआ बैग झपट कर फरार हो गए। मेरी मां के पर्स में मोबाइल, एक चश्मा, 1500 रुपए और अन्य जरूरी कागज रखे थे। रौनक ने पुलिस को बताया कि घटना का जैसे ही उसे पता लगा तो वह अपने दोस्त रोहित के साथ बाइक सवार बदमाश लड़कों को काफी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मामला कायम कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू की थी।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन के मोहित ने Neet परीक्षा में गाड़े सफलता के झंडे, ऑल इंडिया 82 रैंक बनाई
शहर के ही निकले तीन बदमाश लड़के
नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत और टीआई कोतवाली रविन्द्र यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपीगण को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में कासिम ख़ान पिता जावेद ख़ान, मोहम्मद आसिफ़ पिता मोहम्मद सलीम, अयान ख़ान पिता नूर ख़ान तीनों निवासी जमशेद नगर क़स्बा सीहोर शामिल हैं। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। आरोपीगण के पास से महिला का पर्स, मोबाइल और रुपए एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय सीहोर में पेश किया गया।