गणेश चतुर्थी को लेकर सीहोर शहर के ब्ल्यू बर्ड स्कूल में मिट्टी से गणेश बनाने का एक तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कक्षा छह से 10 के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मिट्टी से गणेश बनाए। छात्रों को कार्यशाला में पहले प्रशिक्षण दिया गया, इसके बाद खुद बच्चों ने प्रतिमाएं तैयार की।
इस मौके पर ब्ल्यू बर्ड स्कूल के संचालक बसंत दासवानी में बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छात्रों को भगवान गणेश कि मिट्टी से मूर्ति बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह कार्यशाला तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कक्षा छह से 10 के छात्र-छात्राएं अपनी क्ले आर्ट की शिक्षिका से यह प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस कार्यशाला के दो उद्देश्य हैं। पहला उद्देश्य बच्चों को हमारे इस त्योहार की जानकारी देना, उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ना और उसके प्रति सजग करना है।
इसके साथ बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जगरुक करना है। बच्चे किस तरह अपनी संस्कृति के साथ जुड़कर पर्यावरण के संरक्षण के लिए कार्य कर सकते हैं, यह बताना बहुत जरूरी है। इसके साथ ही छोटी कक्षा के छात्रों को भगवान श्री गणेश की महानता बताने के लिए बाल गणेश फिल्म स्कूल में दिखाई गई।