तेज गर्मी से बचने लोग करने लगे जतन- फोटो: अमर उजाला
गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस साल पहली बार सीहोर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। विभाग के अनुसार, तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आमजन को सावधानी बरतनी होगी।
मौसम में बड़ा बदलाव, 5 डिग्री की बढ़ोतरी
बीते सप्ताह प्रदेश में ओले और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन सोमवार से अचानक गर्मी ने जोर पकड़ लिया। सीहोर में तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने का मुख्य कारण उत्तर से आने वाली गर्म हवाएं और बादलों की कमी है।
ये भी पढ़ें-
बाबा महाकाल को गर्मी से बचाने के लिए अब शिवलिंग पर बांधेंगे 11 मटकियां, जानें कब से होगा बदलाव
गर्मी से बचने के लिए जतन शुरू
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में लोगों की चहल-पहल कम होने लगी है। बाजारों में चश्मे, टोपी और गमछे की मांग बढ़ गई है। लोग गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरत रहे हैं। गर्मी का असर शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी दिखने लगा है, जहां दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
ये भी पढ़ें-
पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर की कार से रौंदने की कोशिश, SP से बोला पति- मेरठ जैसा कांड न हो जाए
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
शासकीय कृषि कॉलेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर के अनुसार, हवाओं की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ गई है, जिससे गर्मी का अहसास और तेज हो गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना बढ़ रही है। मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और दोपहर में धूप से बचने के लिए सावधानी बरतें।