जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुटियाखेड़ी में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने महज एक दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के 26 वर्षीय पोते सुमित वर्मा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने दादा की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
खेत पर बने मकान में मिला था शव
घटना 6 अगस्त 2026 की है। ग्राम खुटियाखेड़ी स्थित खेत पर बने मकान में 80 वर्षीय हरिनारायण वर्मा का शव मिला था। मृतक के मुंह और गले पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई। सूचना पर बिलकिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से जांच कर आरोपी तक पहुंचने के निर्देश दिए।
पढ़ें: मटन का पहला निवाला और दिखा मरा हुआ चूहा, खंडवा के 25 साल पुराने होटल पर गंभीर आरोप; जांच शुरू
पोस्टमार्टम और पूछताछ से खुला राज
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बयानों का विश्लेषण करने पर संदेह मृतक के पोते सुमित वर्मा पर गया। पूछताछ के दौरान उसके बयान बार-बार बदलते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दादा की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
रोक-टोक से था नाराज
एसडीओपी सीहोर पूजा शर्मा के अनुसार, आरोपी सुमित वर्मा (26) पिता महेश वर्मा, दादा द्वारा उसकी निजी जिंदगी में रोक-टोक करने और परिजनों को उसकी बातें बताने से नाराज था। घटना वाले दिन वह दादा के साथ खेत पर बने मकान में अकेला था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद करता रहा तलाश का नाटक
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को खाट पर लिटाकर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद वह सामान्य व्यवहार करता रहा। शक से बचने के लिए उसने परिजनों के साथ मिलकर दादा की तलाश करने का भी नाटक किया। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।