सीहोर जिले के प्रसिद्ध देवीधाम सलकनपुर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंदिर के पास स्थित तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। जैसे ही ग्रामीणों ने तालाब के बीचोंबीच लाश देखी, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शव देखने वालों ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच लग रही है। सबसे खास बात यह रही कि उसके दाहिने हाथ पर स्पष्ट रूप से ‘ॐ’ का निशान गुदा हुआ था। यही निशान अब पुलिस के लिए पहचान की सबसे बड़ी कड़ी बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक आसपास के किसी क्षेत्र का हो सकता है, क्योंकि देवीधाम में रोजाना श्रद्धालु और राहगीर बड़ी संख्या में आते हैं।
ये भी पढ़ें-
जमीन विवाद में हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सात पर मामला दर्ज
कई दिन पुराना शव, बेल और कचरे में फंसा मिला
पुलिस के मुताबिक, शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और तालाब की बेलों तथा कचरे में उलझा हुआ मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। लंबे समय तक पानी में पड़े रहने से शव फूल गया था और आज सुबह वह पानी की सतह पर आ गया। दृश्य बेहद भयावह था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
पुलिस और सफाईकर्मियों ने निकाला शव, जांच में जुटी टीम
सूचना मिलते ही सलकनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय स्वीपरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पहचान के प्रयास जारी हैं। इस घटना के बाद सलकनपुर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कोई इसे हत्या की आशंका से जोड़ रहा है, तो कोई इसे आत्महत्या मान रहा है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सूचना भिजवाकर लापता व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांगी है।