सीहोर जिले के ग्राम छापरी मुलानी में एक 13 साल के बच्चे ने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक आठवीं कक्षा का छात्र था। उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। छात्र के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। छात्र के इस कदम से परिजनों के रो रोकर बुरे हाल हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र तरुण वर्मा (13) पिता शादीलाल वर्मा का शव उसके घर से बरामद किया गया। बालक ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या क्यों की इसका पता नहीं चला है। मृतक का पिता शादीलाल वर्मा खेती किसानी के साथ-साथ अपने घर के पास ही किराने की दुकान चलाते हैं। स्कूल से लौटने के बाद तरुण भी दुकान पर बैठता था। अचानक रात के समय ऐसा क्या हुआ की बच्चे ने अपने ही घर में फांसी का फंदा डालकर खुदकुशी कर ली। बताया गया है कि तरुण की मां की पहले ही बीमारी से ग्रस्त के चलते मौत हो चुकी है। मां की मौत होने के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली।
कोठरी में डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की मौत
जिले के कोठरी में हाइवे पर स्थित वीआईटी के पास लसूडिया जोड़ के पास दोपहर एक बजे तेज डंपर चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 70 वर्षीय महिला बसंता बाई पति लक्ष्मी नारायण बागवान अपने बेटे सतीश के साथ इलाज कराने के लिए सीहोर जा रही थी। तभी डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।
मृतक महिला के पुत्र सतीश ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरी मां का हाथ पहले से फैक्चर था, जिसका इलाज करवाने के लिए सीहोर ले जा रहे थे। तभी लसूडिया जोड़ के पास पीछे से आए डंपर ने अचानक टक्कर मार दी, जिससे मेरी मां बसंता बाई की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में सतीश को कोई चोट नहीं आई है।