सीहोर जिले में तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर दिख रहा है। रविवार रात 12 बजे से 2 बजे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा। सीहोर शहर में बिजली भी चली गई और करीब दो घंटे तक पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। इसी बीच बिलकिसगंज गांव में बिजली गिरने से एक शादी वाले घर में मासूम बच्चे की मौत हो गई।
पिछले तीन दिनों से मौसम बार-बार बदल रहा है। दोपहर में तेज गर्मी और लू चलती है, तो शाम को आंधी और हल्की बारिश हो रही है। कल शाम 6 बजे से मौसम बदला और रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही। तेज हवाओं की वजह से कई पेड़ गिर गए और कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं। शासकीय कृषि कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर के अनुसार, यह स्थिति 7 मई तक बनी रह सकती है। उन्होंने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ज्यादा तापमान की वजह से बारिश की संभावना बनी हुई है।
आकाशीय बिजली गिरने से मासूम की मौत
सीहोर जिले के बिलकिसगंज के सागौनी गांव में शनिवार रात एक दुखद हादसा हो गया। गांव के सुनील धनगर की 11 साल की बेटी रितिका धनगर की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। परिवार में शादी की तैयारियाँ चल रही थीं और घर में खुशी का माहौल था।
यह भी पढ़ें: अभिनेता सुनील शेट्टी और सोनू सूद ने किए मां पीतांबरा के दर्शन, देश में शांति के लिए की प्रार्थना
रविवार शाम मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज गरज और चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हुई। रितिका घर के पास एक पेड़ के नीचे खड़ी थी, तभी उस पर बिजली गिर गई। वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ी। कोई हरकत न देखकर परिवार वाले उसे जल्दी से बिलकिसगंज के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद घर की खुशियां मातम में बदल गईं। रितिका की मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक है।
कई गांवों की बिजली हुई बंद
आष्टा क्षेत्र में मौसम पिछले कुछ दिनों से बदल रहा है। रविवार रात को तेज हवा और आंधी के साथ करीब आधे घंटे बारिश हुई। इस दौरान कई गांवों में बिजली चली गई। यह इस गर्मी का दूसरा मौका है जब ऐसा मौसम देखने को मिला है। इससे पहले 15 दिन पहले भी एक घंटे तक बारिश हुई थी।
यह भी पढ़ें: मजदूरों को रौंदते हुए चाय की दुकान में घुसा बेकाबू ट्रक, दो की मौत, एक घायल जबलपुर रेफर
सिद्धिकगंज, खाचरोद, मेहतवाड़ा, जावर, मेन और पटारिया जैसे गांवों में तेज हवा और बारिश हुई। विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री योगेश साहू ने बताया कि तेज हवा के कारण कई जगह बिजली के खंभे और लाइनें खराब हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्दी ही मरम्मत कर बिजली सप्लाई दोबारा शुरू की जाएगी।