फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sehore: 103 केन्द्रों पर 40 हजार विद्यार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा, मोबाइल पर लीक न हो पेपर…इसलिए लगेंगे जैमर

Mon, 10 Feb 2025 01:22 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

Sehore: मंडल ने संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। मोबाइल की फ्रीक्वेंसी रोकने के लिए जैमर लगाने का भी निर्णय किया है, ताकि सोशल मीडिया के माध्यम से पेपर लीक न हो सके।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में आगामी 25 और 27 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इन परीक्षाओं के लिए जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कक्षा 10 और 12 के लगभग 40,591 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें कक्षा 10 के 22,306 और कक्षा 12 के 18,285 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा को नकल मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं।
विज्ञापन


नकल रोकने के लिए कड़े प्रबंध
परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए प्रशासन ने 12 विशेष दलों का गठन किया है, जो जिलेभर के परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखेंगे। इनमें से पांच परीक्षा केंद्रों को विशेष रूप से संवेदनशील माना गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।

सीसीटीवी कैमरों और जैमर का उपयोग
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा के दौरान पेपर लीक और मोबाइल के माध्यम से अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए 6 परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे। इनमें 1 संवेदनशील और 5 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं, जहां करीब 2400 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। हालांकि, जैमर की उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। पिछले वर्ष सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने की घटनाओं के मद्देनजर इस बार शिक्षा मंडल ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन


एक परीक्षा, एक पेपर, एक कॉपी का नियम लागू
इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा के दौरान एक परीक्षा, एक पेपर, एक कॉपी के फार्मूले को लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत परीक्षार्थियों को केवल एक ही 32 पेज की उत्तर-पुस्तिका दी जाएगी और सप्लीमेंट्री पुस्तिका का विकल्प समाप्त कर दिया गया है। इस नियम को लागू करने के पीछे उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करना और परीक्षा प्रक्रिया को सरल बनाना है। पहले परीक्षार्थी मुख्य उत्तर-पुस्तिका भरने के बाद कई बार दो से तीन सप्लीमेंट्री कॉपियां लेते थे, जिससे अन्य विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव पड़ता था। साथ ही, उत्तर-पुस्तिकाओं को बांधने में भी कई समस्याएं आती थीं, जिन्हें इस नए नियम के माध्यम से दूर किया जाएगा।

कलेक्टर प्रतिनिधि की नियुक्ति और एप के माध्यम से मॉनीटरिंग
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएंगे। इन्हें परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। किसी भी विभाग के अधिकारी को कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया जा सकता है। कलेक्टर प्रतिनिधि को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा विकसित एप डाउनलोड करना होगा, जिसके माध्यम से प्रश्न पत्र के थाने से उठाने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी होगी। प्रश्न पत्र के खुलने, वितरण और परीक्षा प्रारंभ होने के समय को भी एप में अपडेट करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्रों की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उनकी लोकेशन भी ट्रैक की जाएगी।

कड़ी निगरानी और परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के प्रयास
जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने बताया कि पिछले वर्षों में कुछ परीक्षा केंद्रों पर नकल की शिकायतें मिली थीं। इस वर्ष शिक्षा विभाग ने विशेष टीम गठित कर ऐसे केंद्रों पर निगरानी रखने और बोर्ड के नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। विद्यार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचे और परीक्षा नियमों का पालन करें।

परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विस्तृत योजनाएं तैयार की हैं। परीक्षा केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, और परीक्षा हॉल में केवल अधिकृत कर्मियों को ही जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी ताकि किसी भी अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।

परीक्षा केंद्रों की निगरानी
इस बार परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की रियल-टाइम निगरानी करने की योजना बनाई है। परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनीटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके। इसके अलावा, विशेष उड़नदस्तों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।

विद्यार्थियों के लिए विशेष निर्देश
  • परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए कुछ विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
  • परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी विद्यार्थियों की जांच की जाएगी।
  • किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन या अन्य अनाधिकृत सामग्रियों को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
  • उत्तर पुस्तिका को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखना अनिवार्य होगा।
  • परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखना आवश्यक होगा।
  • निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें